कांग्रेस की सशस्त्र सेवा समिति के नाम लिखित गवाही में जनरल फ़्रैंक मैकेंज़ी ने कहा कि जनवरी से अब तक सऊदी अरब में सैन्य ठिकानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर ईरान समर्थित यमनी अल-हौसी आंदोलन 150 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइल, क्रूज़ मिसाइल और ड्रोन हमले कर चुका है।
हालांकि अमरीकी जनरल ने अपने शुरुआती बयान में ईरान पर अधिक ध्यान केंद्रित किया है, लेकिन मैकेंज़ी को अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा 11 सितम्बर तक अफ़ग़ानिस्तान से सैनिक वापस बुलाने के फ़ैसले को लेकर सांसदों द्वारा पूछे गए सवालों का सामना है। अमरीका की दोनों पार्टियों के कुछ सांसदों ने चेतावनी दी है यह क़दम युद्धग्रस्त देश को और अधिक अस्थिर कर सकता है और आतंकवादी गुटों के लिए एक आसान रास्ता खोल सकता है।
मैकेंज़ी ने विशेष रूप से चीन और रूस की बढ़ती क्षेत्रीय उपस्थिति का भी उल्लेख किया है।
अमरीकी कमांडर का कहना था कि ईरान द्वारा निगरानी और हमलों के लिए छोटे और मध्यम आकार के ड्रोन विमानों के व्यापक इस्तेमाल का मतलब है कि कोरियाई युद्ध के बाद पहली बार, हम पूर्ण वायु श्रेष्ठता के बिना काम कर रहे हैं।